top of page

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरु नानक देव जी महाराज के 555वें प्रकाश पर्व कार्यक्रम में सम्मिलित हुए

Writer: Bharat Heartline News
Bharat Heartline News
Nov 15, 2024
1 min read

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पटेलनगर में गुरु नानक देव जी महाराज के 555वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उन्होंने श्री गुरुग्रन्थ साहिब के सामने माथा टेका। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को सरोपा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री ने खालसा चौक पर माल्यार्पण किया।


मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी गुरु नानक देव जी महाराज की शिक्षा, मूल्यों एवं उच्च आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त करके देश व धर्म के लिए निरन्तर कार्य करते रहेंगे। गुरु नानक देव जी का इस धरा धाम पर आगमन ऐसे समय में हुआ था जब यह देश विदेशी आक्रांताओं के हमलों को झेल रहा था। उस समय गुरु नानक देव जी ने देश की सुप्त चेतना को जाग्रत करने के लिए चार बार वृहत्तर भारत के साथ-साथ विश्व के विभिन्न देशों की यात्रा की थी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने जन जागरण के माध्यम से लोक कल्याण के लिए एक व्यापक अभियान चलाया। कीर्तन करने, नाम जप करने, मिल बांटकर खाने की प्रेरणा आज भी सिख गुरुद्वारों में लंगर के रूप में बिना भेदभाव के देखने को मिलती है। गुरु नानक जी के द्वारा जो नींव रखी गयी थी, सिख गुरुओं की परम्पराओं ने देश एवं धर्म के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने की सीमा तक जाकर के उस व्रत को निभाया।

Comments


bottom of page